नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने लगाई छलांग, कई घायल

गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना नोएडा फेस 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित एक फैक्ट्री की है, जहां बिजली मीटर बनाने का काम किया जाता है. गुरुवार सुबह करीब छह बजे फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि आग लगने के वक्त फैक्ट्री के अंदर कई कर्मचारी मौजूद थे.
फैक्ट्री में 50 से ज्यादा कर्मचारी मौजूद थे
आग लगने के वक्त फैक्ट्री में 50 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे. आग लगते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. कई कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे, जबकि कुछ लोग डरकर ऊंचाई से नीचे कूद गये. इससे एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दमकल की सात गाड़ियों ने मोर्चा संभाला
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की. मौके पर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों को बुलाया गया। सबसे पहले फैक्ट्री के अंदर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया. पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है
अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. हालांकि, कुछ लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
सीएफओ ने दी जानकारी
गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग पर काबू पाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई. एहतियात के तौर पर मौके पर कई एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं और बचाव दल यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी कर्मचारी अंदर फंसा न रहे।
आग की लपटों और धुएं से सहमे लोग
फैक्ट्री से आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोग भी घबरा गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गये. फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही. इमारत के कई हिस्सों से धुआं निकलता देखा गया, जिससे आग की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.


