अयोध्या में नकली ‘फॉर्च्यून’ ऑयल का बड़ा खुलासा, पुलिस छापेमारी में भारी मात्रा में नकली माल बरामद

अयोध्या में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. शहर में मशहूर ब्रांड ‘फॉर्च्यून रिफाइंड’ ऑयल के नाम पर डुप्लीकेट प्रोडक्ट बेचने का मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है. बताया जा रहा है कि इस नकली तेल को असली ब्रांड की तरह पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था, जिससे आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की
जानकारी के मुताबिक कंपनी के सेल्स मैनेजर की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई. शिकायत मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वजीरगंज इलाके में स्थित एक गोदाम पर छापा मारा. इस छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नकली ‘फॉर्च्यून रिफाइंड’ तेल मिला, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया.
कोलकाता की टीम ने पहचान में मदद की
इस पूरे ऑपरेशन में कंपनी की एक विशेष टीम भी शामिल थी, जो कोलकाता से अयोध्या पहुंची थी. आईपी लीगल सुप्रिया केतन चतुर्वेदी ने बताया कि कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर असली और नकली तेल की पहचान की और पुलिस को आवश्यक जानकारी दी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की.
असली पैकेजिंग में नकली तेल बेचा जा रहा था
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि नकली तेल को असली ब्रांड से मिलती-जुलती पैकेजिंग में पैक किया गया था. इसे बाजार में सप्लाई कर ग्राहकों को चूना लगाया जा रहा था। बक्सों में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट उत्पाद पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह एक संगठित अवैध कारोबार था।
पुलिस की जांच जारी है, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
नकली उत्पाद सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं
प्रशासन ने लोगों से खरीदारी करते समय उत्पाद की गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच करने की अपील की है। नकली खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
