अयोध्या में बनेगा भव्य ‘दशरथ पथ’, 15 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बढ़ाएगा राम नगरी की पहचान.

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक बार फिर विकास और अध्यात्म का नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. राम नगरी पहले से ही अपनी भव्यता और धार्मिक महत्व के लिए देश-दुनिया में मशहूर है और अब यहां ‘दशरथ पथ’ नाम से एक नया और भव्य कॉरिडोर बनाने की तैयारी है। यह कॉरिडोर सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि आस्था, इतिहास और संस्कृति का अनूठा संगम होगा। यह प्रोजेक्ट श्रद्धालुओं को नया अनुभव देगा और अयोध्या की पहचान और मजबूत होगी.
नया कॉरिडोर 15 किलोमीटर लंबा होगा
प्रस्तावित ‘दशरथ पथ’ साकेत पेट्रोल पंप से बिल्वहरि घाट तक बनाया जाएगा. इसकी कुल लंबाई करीब 15 किलोमीटर होगी. यह मार्ग श्रद्धालुओं को सीधे राजा दशरथ की यादों से जोड़ेगा और धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
खंभों पर कला और परंपरा की झलक दिखेगी
इस पूरे मार्ग को खास बनाने के लिए बीच-बीच में कुल 30 भव्य खंभे लगाए जाएंगे। इन स्तंभों पर योग की 15 हस्त मुद्राएं और 15 शस्त्र मुद्राओं की कलाकृतियां बनाई जाएंगी। ये कलाकृतियां न सिर्फ खूबसूरत होंगी बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा को भी प्रतिबिंबित करेंगी।
6 फीट ऊंची प्रतिमाएं बढ़ाएंगी आकर्षण
इन खंभों पर स्थापित की जाने वाली मूर्तियों की ऊंचाई करीब 6 फीट होगी. ये प्रतिमाएं पूरे मार्ग को और भी आकर्षक और आध्यात्मिक माहौल से भर देंगी। यह मार्ग श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक अलग अनुभव होगा।
अयोध्या की पहचान और मजबूत होगी
रामपथ, भक्तिपथ और धर्मपथ के बाद अब ‘दशरथ पथ’ अयोध्या की भव्यता को और बढ़ाने जा रहा है। इस नए कॉरिडोर से शहर को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकते हैं।
आस्था और विकास का संगम
यह परियोजना अयोध्या में आस्था और आधुनिक विकास के संयोजन को दर्शाती है। आने वाले समय में यह कॉरिडोर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और राम नगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक छवि को और निखारेगा।
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
