पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन…राफेल, मिराज और तेजस करेंगे टच एंड गो युद्धाभ्यास, आसमान में दिखेगा ताकत का प्रदर्शन.

सुल्तानपुर जिले का अरवल किरी-करवत हवाई पट्टी एक बार फिर भारतीय वायुसेना के शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनने जा रहा है. यहां 22 और 23 अप्रैल को बड़े पैमाने पर अभ्यास किया जाएगा. इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं. दर्शकों के लिए जगह-जगह पंडाल बनाये जा रहे हैं और पूरे इलाके को तिरंगे के रंगों से सजाया जा रहा है. आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए साफ-सफाई का विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है.
राफेल, मिराज और तेजस दिखाएंगे ताकत
इस अभ्यास में भारत के आधुनिक लड़ाकू विमान शामिल होंगे. इनमें राफेल, मिराज 2000, तेजस, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई शामिल होंगे। ये सभी विमान अपनी ताकत और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन करेंगे. वायुसेना के अधिकारी पहले ही मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण कर चुके हैं.
टच एंड गो प्रैक्टिस मुख्य आकर्षण बनेगा
इस अभ्यास का सबसे बड़ा आकर्षण ‘टच एंड गो’ होगा, जिसमें लड़ाकू विमान रनवे को छूने के तुरंत बाद तेज गति से उड़ान भरेंगे। यह अभ्यास आपात स्थिति में राजमार्ग को रनवे के रूप में उपयोग करने की क्षमता का परीक्षण करने के लिए किया जाता है। इससे पता चलता है कि वायुसेना किसी भी परिस्थिति में कितनी तेजी से काम कर सकती है।
सुरक्षा और दर्शकों के लिए खास इंतजाम
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं ताकि लोगों को परेशानी न हो। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. दर्शकों के लिए एक विशेष गैलरी बनाई गई है, जिसे तिरंगे के रंग में सजाया गया है.
लोग उत्साहित हैं, एयर शो का इंतजार कर रहे हैं
इस आयोजन को लेकर इलाके में भारी उत्साह है. पहली बार लोग भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों को इतने करीब से उड़ते और करतब दिखाते देखेंगे. यह एयर शो देश की सैन्य ताकत का शानदार प्रदर्शन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
