लखनऊ एयरपोर्ट पर 14.5 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, ओमान एयरवेज से आ रहा तस्कर गिरफ्तार

राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है. शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे ओमान एयरवेज की फ्लाइट में एक यात्री के पास से बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक चरस बरामद की गई। यह कार्रवाई एक नियमित जांच के दौरान हुई जब अधिकारियों को एक यात्री के बैग पर संदेह हुआ। जांच के बाद पता चला कि आरोपी भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर भारत पहुंचे थे. कस्टम विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी.
संदिग्ध बैग से मिले 29 पैकेट
जानकारी के मुताबिक फ्लाइट संख्या WY-265 बैंकॉक से मस्कट होते हुए लखनऊ पहुंची थी. यात्रियों के विमान से बाहर निकलते ही कस्टम अधिकारियों ने सामान की जांच शुरू कर दी. इस दौरान एक बैग संदिग्ध लगा। जब बैग की गहनता से तलाशी ली गई तो उसमें 29 अलग-अलग पैकेट मिले। इन पैकेटों में कुल मिलाकर करीब 14 किलो 500 ग्राम हाइड्रोपोनिक चरस छिपाई गई थी. इस बरामदगी को देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत
कस्टम विभाग के मुताबिक, बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है. इतनी बड़ी मात्रा में हाई ग्रेड ड्रग्स का पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक गंभीर संकेत माना जा रहा है. अधिकारियों का मानना है कि यह कोई साधारण मामला नहीं है, बल्कि किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है.
आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
कस्टम विभाग ने आरोपी यात्री को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये ड्रग्स किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है.
एजेंसियां सतर्क, जांच तेज!
यह मामला सामने आने के बाद कस्टम विभाग समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खेप भारत में किसे पहुंचाई जानी थी। इसे हाल के दिनों में लखनऊ एयरपोर्ट पर सबसे बड़ी नशीली दवाओं की बरामदगी में से एक माना जा रहा है।
