सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट घोषित, अयोध्या में खुशी की लहर; 4600 छात्रों का भविष्य तय

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है, जिसके बाद अयोध्या जिले में खुशी का माहौल देखा जा रहा है. इस साल करीब 4600 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसके नतीजे अब सामने आ गए हैं। नतीजे जारी होते ही छात्रों और उनके अभिभावकों में उत्साह बढ़ गया. स्कूलों में जश्न का माहौल है और हर जगह सफल छात्रों की चर्चा हो रही है. इस बार भी बोर्ड ने पारदर्शी तरीके से नतीजे जारी किए हैं, ताकि छात्रों को समय पर जानकारी मिल सके।
4600 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, 60 स्कूलों ने लिया हिस्सा
इस साल अयोध्या जिले के करीब 4600 छात्र सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे. ये छात्र लगभग 60 अलग-अलग स्कूलों से थे। परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चली थी. बोर्ड ने सभी स्कूलों को व्यक्तिगत रूप से उनके ईमेल के माध्यम से परिणाम भेजे। खास बात यह है कि इस बार भी सीबीएसई ने कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की, ताकि छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम हो और समग्र प्रदर्शन को महत्व दिया जा सके।
सौम्या गुप्ता ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपना मान बढ़ाया।
इस रिजल्ट में शहर के उदय पब्लिक स्कूल की छात्रा सौम्या गुप्ता ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल दोनों में खुशी की लहर है। सौम्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित पढ़ाई को दिया है.
परिवार और शिक्षकों का पूरा सहयोग मिला
सौम्या के पिता एक बिजनेसमैन हैं, जबकि उनकी मां एक टीचर हैं। उन्होंने बताया कि माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग से ही वह यह सफलता हासिल कर सकीं. स्कूल प्रशासन ने भी इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण क्षण बताया और सौम्या को सम्मानित किया. रिजल्ट आते ही स्कूल और घर में जश्न का माहौल बन गया और बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया.
डॉक्टर बनने का सपना, छात्रों के लिए प्रेरणा
सौम्या गुप्ता का सपना विज्ञान संकाय से आगे की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने का है. उनकी सफलता न सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरे जिले के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है. उनके प्रयास यह संदेश देते हैं कि कड़ी मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
