लखनऊ में सपा नेता माता प्रसाद पांडे हाउस गिरफ्तार, नोएडा जाने से पहले पुलिस ने रोका

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सियासी हलचल उस समय बढ़ गई जब समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को उनके ही घर में नजरबंद कर दिया गया. बताया जा रहा है कि नोएडा दौरे पर जाने से पहले ही उन्हें पुलिस ने रोक लिया था. उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया. इस कार्रवाई के बाद सियासी माहौल गरमा गया है और विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है.
नोएडा जाने से पहले पुलिस ने रोका
जानकारी के मुताबिक, माता प्रसाद पांडे नोएडा जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले पुलिस ने उन्हें घर से निकलने से रोक दिया. पुलिस की इस कार्रवाई के चलते उनका दौरा रोक दिया गया और उन्हें उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया.
घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
सपा नेता के वृन्दावन योजना सेक्टर-11 स्थित आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गये। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक माहौल पूरी तरह से पुलिस छावनी जैसा दिख रहा है.
माता प्रसाद पांडे का सरकार पर आरोप
इस कार्रवाई के बाद माता प्रसाद पांडे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ”योगी जी को डर लगता है तो पुलिस को आगे कर देते हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि वह कार्यकर्ताओं और आम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और किसी के दबाव में नहीं आएंगे.
मजदूरों की आवाज उठाने की बात
सपा नेता ने साफ किया कि उनका मकसद मजदूरों और गरीबों की समस्याओं को उठाना है. उन्होंने कहा कि चाहे उन्हें हिरासत में लिया जाए या रोका जाए, वह जनता के मुद्दे उठाने से पीछे नहीं हटेंगे.
राजनीतिक माहौल गरमा गया
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. विपक्षी दल इसे लोकतंत्र के खिलाफ कदम बता रहे हैं, जबकि प्रशासन सुरक्षा कारणों का हवाला दे रहा है.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)
