फ़तेहपुर में चाय की दुकान पर छापेमारी और तोड़फोड़, 20 पर केस दर्ज, 3 गिरफ्तार

फ़तेहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साधारण सी चाय की दुकान अचानक विवादों में आ गई. कुछ दिन पहले इसी दुकान पर अखिलेश यादव ने चाय पी थी और इसकी तारीफ भी की थी. इसके बाद ये दुकान चर्चा में आ गई. लेकिन अब खाद्य विभाग की छापेमारी, मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाओं ने यहां माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
अखिलेश यादव के आने के बाद दुकान चर्चा में आ गई
जानकारी के मुताबिक, जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के चौकी चौराहे पर आर्यन नाम के युवक की चाय की दुकान है. जब अखिलेश यादव ने यहां रुककर चाय पी तो दुकान अचानक सुर्खियों में आ गई. इसके बाद लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचने लगे और दुकान की लोकप्रियता बढ़ गई.
खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण कर सैंपलिंग की
हाल ही में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर औचक छापेमारी की थी. अधिकारियों ने साफ-सफाई, खाद्य सामग्री और चाय बनाने की प्रक्रिया की जांच की। इस दौरान चाय के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे गए। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
टीम के जाने के बाद तोड़फोड़ और मारपीट हुई
जांच टीम के जाने के बाद मामला और बढ़ गया. आरोप है कि कुछ लोग समूह बनाकर आए और दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और हंगामा किया। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. घटना के बाद कुछ संगठनों ने कार्रवाई की मांग भी की है.
दुकानदार पर परेशान करने का आरोप
दुकान संचालक आर्यन का कहना है कि वह काफी समय से दुकान चला रहे हैं और साफ-सफाई का हमेशा ध्यान रखते हैं. उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव के आने के बाद से उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी दुकान बंद करने, गांव छोड़कर दूसरे राज्य में चले जाने की चेतावनी भी दी है.
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
इस मामले में सीओ खागा दुर्गेश दीप ने बताया कि तोड़फोड़ के मामले में 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.
(रिपोर्ट:देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
