स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर के खिलाफ प्रतापगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष डॉ.नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय से कलक्ट्रेट तक मार्च किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आम बिजली उपभोक्ता भी शामिल हुए, जिन्होंने इस योजना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग की.

पैदल मार्च निकालकर विरोध जताया
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकालकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना का विरोध किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि यह योजना आम जनता के हित में नहीं है. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने इसे जबरन लागू करने का आरोप लगाया.

कानून का उल्लंघन करने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का उल्लंघन किया जा रहा है. उनका कहना है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना मीटर लगाए जा रहे हैं, जो उनके अधिकारों का हनन है.

उपभोक्ताओं को चुनने का अधिकार मिलता है
जिलाध्यक्ष डॉ.नीरज त्रिपाठी ने कहा कि उपभोक्ताओं को प्रीपेड व पोस्टपेड मीटर में से चुनने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व बिजली विभाग इस अधिकार की अनदेखी कर जबरन योजना लागू कर रही है.

नेताओं ने जताई नाराजगी
कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी और जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि लाखों उपभोक्ताओं के मीटर बिना अनुमति के बदले जा रहे हैं, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है.

ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें
ज्ञापन के जरिए कांग्रेस ने सरकार से कई मांगें की हैं. इनमें स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना को समाप्त करना, जबरन लगाए गए मीटरों को हटाना, पारंपरिक पोस्टपेड मीटरों को फिर से लागू करना और इस योजना से संबंधित तकनीकी समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करना शामिल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *