अयोध्या में 29 अप्रैल को ऐतिहासिक कार्यक्रम: राम मंदिर परिसर में शिव मंदिर पर सीएम योगी फहराएंगे ध्वज

राम नगरी अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक पल की ओर बढ़ रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 29 अप्रैल को अयोध्या दौरा प्रस्तावित है. इस यात्रा को लेकर राम मंदिर परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट दोनों मिलकर काम कर रहे हैं. यह कार्यक्रम न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसे अयोध्या के लिए एक और खास मौका माना जा रहा है.
शिव मंदिर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम मंदिर के परकोटे में बने शिव मंदिर पर विधिवत ध्वजारोहण करेंगे. माना जा रहा है कि यह आयोजन राम जन्मभूमि परिसर में एक नया आध्यात्मिक अध्याय जोड़ेगा। शिव मंदिर के इस कार्यक्रम को लेकर भक्तों में भी उत्साह देखा जा रहा है.
विशाल मंच से सीएम करेंगे संबोधन
राम जन्मभूमि परिसर के पूर्व और उत्तर दिशा में स्थित शिव मंदिर के पास एक विशाल मंच बनाया जा रहा है। इसी मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया है. सुरक्षा एजेंसियां और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं.
1000 लोगों के शामिल होने की संभावना
राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव ने बताया कि 29 अप्रैल को शाम 5 बजे शिव मंदिर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और संघ परिवार के सदस्यों सहित लगभग 1000 लोगों के भाग लेने की संभावना है.
प्रशासन और ट्रस्ट की तैयारियां तेज
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन और ट्रस्ट पूरी तैयारी कर रहा है. सुरक्षा, व्यवस्था और आयोजन को लेकर हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है. यह आयोजन अयोध्या के धार्मिक महत्व को और मजबूत करेगा और भक्तों के लिए एक यादगार पल साबित होगा।
(रिपोर्ट:अनूप जयसवाल,अयोध्या)
