तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बड़ा हादसा, पैदल जा रहे युवक समेत दो गंभीर घायल

मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया. दादरा हिंगलाज रोड पर पैदल जा रहे एक युवक को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार और राहगीर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने न सिर्फ पुलिस को सूचना दी बल्कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गयी है.
दादरा हिंगलाज रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के दादरा हिंगलाज रोड पर हुआ. बताया जा रहा है कि पैदल जा रहे एक युवक को अचानक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार भी संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल बाइक सवार की पहचान राहुल पुत्र रघुनाथ कोरी के रूप में हुई है। पैदल जा रहे घायल युवक की पहचान दादरा निवासी मुन्नू के बेटे तीरथ के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अक्सर वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. ग्रामीणों ने सड़क पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है.
(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)
