फ़तेहपुर मुठभेड़ में गैंग रेप का 1 लाख रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की गोली से घायल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के चर्चित गैंग रेप मामले के एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ बागा इलाके में ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी बब्लू सिंह उर्फ भूत के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में राहत का माहौल देखा गया, क्योंकि आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश लगातार जारी थी.
संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया था
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में थाना खागा, हथगांव, थरियांव पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में अभियान चला रही थी. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गैंग रेप का आरोपी जंगल इलाके में मौजूद है. पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बब्लू सिंह उर्फ भूत घायल हो गया. गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया. घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस के मुताबिक आरोपी गढ़ी कस्बे थाना खागा का रहने वाला है और उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं.
आरोपी पर एक लाख का इनाम था
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर प्रयागराज जोन के एडीजी की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. वह सामूहिक दुष्कर्म, महिलाओं से जुड़ी गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के मामलों में वांछित था। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल 315 बोर, चार चले हुए कारतूस, एक जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की गई है।
मामला राजनीतिक तौर पर भी गरमा गया था
यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया था. इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए थे. बीजेपी प्रतिनिधिमंडल को मौके पर जाने से रोके जाने के बाद मामला और राजनीतिक चर्चा में आ गया.
पुलिस आपराधिक इतिहास खंगाल रही है
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है.
(रिपोर्ट:देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
