रूड़की: हाईवे पर रोडवेज बस से साइड लगने से बाइक सवार सेना के जवान की मौत, अस्पताल में हंगामा
देहरादून हाईवे पर रविवार शाम एक हादसा हो गया। रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार सेना का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान धन प्रकाश (33) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बंगाल सीमा पर तैनात था और दो दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आया था।
बताया जा रहा है कि वह किसी काम से भगवानपुर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया. मृतक के भाई गौतम ने आरोप लगाया कि धन प्रकाश के कूल्हे में फ्रैक्चर था और उसे हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों के गलत इंजेक्शन लगाने से उसकी हालत बिगड़ गई। इस आरोप को लेकर परिजनों और परिचितों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश की और निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया.
