चिनहट में टाइल्स कारीगर की हत्या से सनसनी, लापता युवक का खेत में मिला शव

लखनऊ के चिनहट इलाके में 20 साल के युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई है. टाइल्स कारीगर रितेश सिंह मंगलवार की शाम से लापता था, जिसका शव देर रात हरदासी खेड़ा गांव के पास एक खेत में मिला. इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. परिजनों के मुताबिक, रितेश को दो लोग घर से बुलाकर ले गए थे। फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

लापता होने के बाद मिला शव
चिनहट के कमता चौकी क्षेत्र के कल्याणी विहार निवासी रितेश सिंह मंगलवार शाम करीब पांच बजे घर से निकले थे। उनके पिता दयाशंकर सिंह के मुताबिक दो लोग उन्हें बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे. उसका मोबाइल फोन भी बंद था. परिवार ने पुलिस को सूचना दी और तलाश शुरू हुई.

खेत में मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस टीम
देर रात हरदासी खेड़ा गांव के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम को भी बुलाया गया। शव की पहचान रितेश सिंह के रूप में की गई. वहीं पास में ही उसकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली.

परिवार में मचा हाहाकार
रितेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था और टाइल्स का काम करके घर चलाता था। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पिता और परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और परिवार को सांत्वना देने लगे।

हत्या के पीछे क्या है वजह?
पुलिस जांच में पता चला है कि रितेश की हत्या गला रेतकर की गई है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस पैसों के लेन-देन समेत कई पहलुओं से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी जानकार ने ही की है.

दो संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

जल्द ही खुलासा होने की उम्मीद है
कुल मिलाकर यह मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील है. पुलिस का दावा है कि वह हत्यारों के करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा.

(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *