जायस में चाय की दुकान में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी – बाल-बाल बचे लोग।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जायस नगर पालिका परिषद क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। नेशनल हाईवे रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर स्थित एक चाय की दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी गुमटी धुएं और आग की लपटों से घिर गई। घटना के दौरान खोखे में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया.
सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया
जानकारी के मुताबिक यह घटना नेशनल हाईवे पर लाइटहाउस के सामने स्थित बन्ने खां की बंद पड़ी चाय की गुमटी में हुई. सुबह जब लोग अपने काम में व्यस्त थे तो अचानक गुमटी से धुआं उठता दिखा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला
आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. इस दौरान नगर पालिका कर्मचारी और स्थानीय निवासी भी मदद के लिए आगे आये. सभी की मेहनत और सूझबूझ से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
गुमटी पूरी तरह जलकर राख हो गई
हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक पूरा लकड़ी का खोखा जलकर राख हो गया। आग से खोखे में रखा सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे से गुमटी मालिक को भारी नुकसान हुआ है.
सिलेंडर फटने से खतरा बढ़ गया
आग लगने के दौरान खोखे में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया और दूर जा गिरा। इस धमाके से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. अच्छी बात यह रही कि उस वक्त गुमटी बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. यदि खोखा खुला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)
