अयोध्या में आस्था रथ का कहर: तेज रफ्तार टक्कर से बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत, कई घायल

अयोध्या में एक बार फिर सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. रामनगरी में तेज रफ्तार “आस्था रथ” की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह घटना उस वक्त घटी जब बिहार के गोपालगंज से श्रद्धालु एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है.
यज्ञ में शामिल होने आये थे श्रद्धालु, लौटते समय हुआ हादसा.
जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज (बिहार) से कई श्रद्धालु अयोध्या में फलहारी बाबा के यहां आयोजित यज्ञ में शामिल होने आये थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए निकले और फिर बैटरी रिक्शा से वापस लौटे. इसी बीच सामने से तेज गति से आ रही आस्था रथ ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिक्शा पलट गया, कई लोग घायल हो गए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बैटरी रिक्शा पलट गया। इसमें सवार सभी श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज जारी है.
बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर उठे सवाल, लोगों में गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के चलने वाले ”आस्था रथ” पहले भी कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक सख्त कार्रवाई नहीं की है. परिजनों का यह भी आरोप है कि आस्था रथ की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसा हुआ.
ये हादसा हुआ.
कार्रवाई की मांग, प्रशासन से सख्ती की अपील
स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
