अयोध्या में बढ़ती गर्मी से बढ़ी मरीजों की संख्या, डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

अयोध्या में बढ़ती गर्मी और लू का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है. जिला अस्पताल में सर्दी-जुकाम और कमजोरी के मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा खतरा है। स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, ताकि गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके.
गर्मी का असर, बढ़ रहे मरीज
जिला अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है और गर्म हवाएं लोगों को बीमार कर रही हैं. उन्होंने कहा कि डिहाइड्रेशन और थकान के कारण सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं.
हार्ट और शुगर के मरीजों के लिए ज्यादा खतरा
डॉ. वर्मा ने चेतावनी दी कि हृदय रोग और मधुमेह से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों को बिना डॉक्टर की सलाह के बाहर नहीं निकलना चाहिए, क्योंकि अत्यधिक गर्मी उनके लिए घातक साबित हो सकती है. ऐसे मरीजों का परिवार के सदस्यों को भी विशेष ख्याल रखने की जरूरत होती है।
क्या सावधानी बरतें, डॉक्टर की सलाह
डॉक्टरों ने लोगों को नियमित रूप से पानी पीने की सलाह दी है. शरीर को ठंडा रखने के लिए सत्तू का सेवन करने की सलाह दी गई है, जो शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा हल्के और सूती कपड़े पहनने, दोपहर की धूप से बचने और घर के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है.
तापमान 40 डिग्री के पार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
इन दिनों अयोध्या में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जो सामान्य से अधिक है. स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में जरूरी बेड भी आरक्षित कर दिए हैं. डॉ. वर्मा ने कहा कि अगर किसी को चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या सांस लेने में दिक्कत हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष देखभाल की जरूरत है
विशेषज्ञों के मुताबिक इस मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक देखभाल की जरूरत होती है। नियमित रूप से पानी पीना, पौष्टिक भोजन करना और पर्याप्त आराम करना खुद को गर्मी से बचाने का सबसे अच्छा तरीका है।
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
