गैस सिलेंडर लीकेज से घर में लगी भीषण आग, पूरी गृहस्थी जलकर राख, जानिए क्या है पूरा मामला…

अमेठी जिले के सिंहपुर विकास खंड स्थित महेशपुर मजरे महिया सिंदुरिया गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर लीक होने से एक घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग और गैस एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
नया सिलेंडर लाने के कुछ घंटे बाद ही हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी संतोष मिश्रा बुधवार की सुबह ही गैस एजेंसी से नया सिलेंडर लेकर आये थे. घर पहुंचने के बाद सिलेंडर में रेगुलेटर लगाया गया और टेस्टिंग की गई। उस वक्त सबकुछ सामान्य दिख रहा था. दोपहर में जब घर में खाना बन रहा था तो अचानक रेगुलेटर से आग की लपटें निकलने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर में फैल गई।
ग्रामीणों ने दिखाई समझदारी
आग लगते ही संतोष मिश्रा ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. ग्रामीणों ने रजाई-कंबल डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। लोगों की तत्परता से आग आसपास के घरों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की टीम और गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
घरेलू सामान जलकर राख हो गया
इस अगलगी में घर में रखे अनाज, कपड़े, बर्तन व अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गये. आग से प्रभावित परिवार को भारी नुकसान हुआ है और अब उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है. घटना के बाद लोगों को गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है.
(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)
