पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह: कौशांबी में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या

कौशांबी जिले में एक बार फिर पुरानी दुश्मनी ने भयावह रूप ले लिया। करारी थाना क्षेत्र के अधारा गांव में देर शाम एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, अधारा गांव निवासी भरत यादव का गांव के ही अशोक पांडे के परिवार से पुराना विवाद चल रहा था. करीब आठ साल पहले भरत यादव ने अशोक पांडे की बेटी को भगाकर शादी कर ली थी. इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव और दुश्मनी पैदा हो गई.
मौका पाकर हमला कर दिया
बताया जा रहा है कि भरत यादव हाल ही में गांव लौटा था. इसी बीच देर शाम अशोक पांडे अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया. आरोप है कि उसने अचानक भरत यादव पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. सिर पर गहरी चोट लगने से भरत यादव की मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना के बाद हड़कंप मच गया
हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गये. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पिता ने अशोक पांडे और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जांच में जुटी पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सूचना मिलते ही एएसपी राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
