राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश नाकाम, 4 संदिग्ध गिरफ्तार, आज़मगढ़ कनेक्शन का खुलासा

अयोध्या राम मंदिर को निशाना बनाने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश के अलग-अलग हिस्सों से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे. जांच में यह भी पता चला है कि यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से भी जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक ये लोग किसी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया. इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं.
देश के अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तारियां
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से चार लोगों को गिरफ्तार किया है. ये सभी संदिग्ध अलग-अलग शहरों में रहकर एक नेटवर्क के तहत काम कर रहे थे. गिरफ्तार किए गए लोगों में मोहम्मद हमद, शेख इमरान, मोहम्मद सोहेल और मोसैब अहमद उर्फ सोनू शामिल हैं।
आज़मगढ़ से कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों में मोसैब अहमद उर्फ सोनू का नाम सामने आया है. वह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर आइमा सरदहा गांव का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 साल पहले उनका परिवार गांव छोड़कर कहीं और रहने चला गया था और काफी समय से गांव नहीं आया था.
पारिवारिक जानकारी भी सामने आई
जानकारी के मुताबिक, मोसैब के पिता सऊदी अरब में रहते हैं, जबकि उनकी मां जतुन्निशा फिलहाल आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में रहती हैं. पुलिस अब उसके पारिवारिक और सामाजिक संपर्कों की भी जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां सतर्क, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और साजिश के पीछे की पूरी कहानी सामने आ सके. सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को काफी गंभीरता से ले रही हैं और देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
