उत्तराखंड: केदारनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना, जय बाबा केदार के जयकारों के बीच यात्रा शुरू
केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु इस पवित्र क्षण के साक्षी बने। प्रदेश के मुखिया सीएम पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की.
बाबा केदार के धाम को करीब 51 क्विंटल फूलों से भव्य सजाया गया है, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए. देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके थे और कपाट खुलने के इस अद्भुत क्षण के साक्षी बने। इससे पहले मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से निकली यह डोली 17 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय कर जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारपुरी पहुंची.
धाम पहुंचते ही भक्तों ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। पालकी ने मंदिर की परिक्रमा की और भंडार कक्ष में प्रवेश किया, जहां औपचारिक पूजा की गई। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजिमेंट के बैंड की मधुर धुन और डमरू की गूंज से पूरा माहौल शिवमय हो गया. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे और पुलिस तथा आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया था।
कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा की विधिवत शुरूआत हो गई। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में डूबे नजर आए. इस अवसर पर बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमन्त द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
