अयोध्या में बीजेपी महिला मोर्चा का प्रदर्शन: नारी शक्ति वंदन कानून पर सपा-कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश मार्च

अयोध्या में नारी शक्ति वंदन कानून को लेकर महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला. भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया और सपा व कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला. महिलाओं का आरोप है कि विपक्षी दल इस कानून का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों का अपमान कर रहे हैं. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और पुतला जलाकर अपना विरोध जताया. रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे माहौल काफी गर्म नजर आया.
रैली परशुराम वर्मा महाविद्यालय से तारुन चौराहे तक
यह विरोध रैली परशुराम वर्मा महिला महाविद्यालय से शुरू होकर तारुन चौराहे तक निकाली गई। रैली के दौरान महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर विपक्ष के खिलाफ नारे लगाते हुए चल रही थीं. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दशकों के इंतजार के बाद महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिला है, लेकिन सपा और कांग्रेस इसमें अड़ंगा डाल रही हैं. रैली के दौरान ”नारी शक्ति वंदन कानून हमारा अधिकार है” और ”जो महिलाओं का सम्मान नहीं करेगा, वह देश पर क्या राज करेगा” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे.
बीजेपी नेताओं ने विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
रैली को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों की मानसिकता हमेशा महिला विरोधी रही है और यह कानून करोड़ों महिलाओं के सपनों को पूरा करने वाला कदम है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीति में 33 फीसदी आरक्षण देकर उनका अधिकार दिया है, जबकि विपक्ष इसे रोकने की कोशिश कर रहा है.
महिलाओं को जागरूक करने के लिए घर-घर अभियान चलाया जा रहा है
भाजपा के मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा ने कहा कि अब महिला मोर्चा की कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं को इस कानून के बारे में जागरूक करेंगी. उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों और कानून के फायदों के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि वे और अधिक सशक्त बन सकें.
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे
इस प्रदर्शन में जिला संयोजक अखंड प्रताप सिंह, जिला महामंत्री शिवम सिंह, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुनील मिश्रा, आशीष तिवारी, भरत श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष पतिराज वर्मा, विजय लक्ष्मी जयसवाल, सरोज मिश्रा, सुमन पासवान और प्रसूनलता सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता शामिल हुए.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
