कौशांबी में होम गार्ड भर्ती परीक्षा शुरू: 6 केंद्रों पर 12,384 अभ्यर्थी, कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा शुरू

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शनिवार से होम गार्ड-2025 की लिखित परीक्षा शुरू हो गई है. यह परीक्षा तीन दिन यानी 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जा रही है. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है. जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 12,384 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए कड़ी सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके.
परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी, दो पालियों में आयोजित की जाएगी
होम गार्ड भर्ती परीक्षा तीन दिनों तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. प्रत्येक पाली में 2064 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षाएं समय पर और व्यवस्थित तरीके से आयोजित की जा सकें, इसके लिए प्रशासन ने समय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं.
सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए करीब 240 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों से हर कक्षा और पूरे परीक्षा परिसर पर नजर रखी जा रही है। इससे परीक्षा के दौरान किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी.
इन केंद्रों पर परीक्षाएं हो रही हैं
यह परीक्षा जिले के छह प्रमुख केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. इनमें करारी इंटर कॉलेज करारी, कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज भरवारी, महात्मा ज्योतिबा फुले राजकीय पॉलिटेक्निक तेवा, नेशनल इंटर कॉलेज भरवारी, एसएवी इंटर कॉलेज सिराथू और श्री हुबलाल इंटर कॉलेज चायल शामिल हैं।
स्टाफ की तैनाती एवं व्यवस्था
प्रत्येक कक्ष में एक कक्ष निरीक्षक एवं एक सहायक कक्ष निरीक्षक की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। कुल मिलाकर 105 कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह से व्यवस्थित तरीके से कराई जा सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. गहन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा पूरी तरह से नकल विहीन होनी चाहिए और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
