कौशांबी में एसडीएम की सख्त कार्रवाई: कैंप लगाकर 5 भूमि विवादों का मौके पर निपटारा, अवैध कब्जा हटाया गया

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में भूमि विवादों को निपटाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में ग्राम हिसामपुर बहरेमऊ में “शीर्ष 10 भूमि विवादों का मौके पर ही निस्तारण” अभियान के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का नेतृत्व उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने किया। शिविर में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने भाग लिया और कुल 5 भूमि विवादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
शिविर में त्वरित समाधान
इस विशेष शिविर में गांव के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया. राजस्व एवं पुलिस टीम ने मिलकर कुल 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। प्रशासन का मकसद था कि लोगों को कोर्ट-कचहरी के चक्कर न लगाने पड़ें और विवादों का निपटारा गांव में ही हो सके.
अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान गाटा संख्या 26 व 27 पर अवैध कब्जा पाया गया, जो खतौनी में नवीन परती के रूप में दर्ज है। वहां पर ढांक लगाकर तथा पशुओं को बांधकर कब्जा कर लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर जमीन की पहचान की और अतिक्रमण हटाकर जमीन को मुक्त कराया। इसी प्रकार गाटा संख्या 608 पर भी अवैध कब्जा पाया गया, जिसे तत्काल हटा दिया गया।
बँटवारे के आदेश का पालन किया गया
गांव निवासी रामबदन के मामले में भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की. इनके बंटवारे का आदेश पहले से ही था, जिसे राजस्व व पुलिस टीम ने मौके पर ही लागू कर दिया। इस प्रक्रिया के तहत उन्हें उनका अधिकार दिया गया.
ग्रामीणों को किया जागरूक
उप जिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़ ने ग्रामीणों को भूमि विवाद से बचने के उपाय भी बताये। उन्होंने बताया कि विवाद की स्थिति में न्यायालय के माध्यम से सही प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए.
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
