कौशांबी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, प्रेम विवाह बनी वजह

इस वक्त की बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सामने आई है, जहां बहुचर्चित भरत हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश पांडे और अंकित पांडे के रूप में हुई है. इससे पहले पुलिस इस मामले के मुख्य आरोपी अशोक पांडे को जेल भेज चुकी है. इस हत्याकांड से पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया था. पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को थोड़ी राहत जरूर मिली है.
हत्या प्रेम विवाह के विरोध में हुई थी.
पूरा मामला करारी थाना क्षेत्र के अधहरा गांव का है. यहां प्रेम विवाह के विरोध में भरत नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों में भारी गुस्सा है. लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी.
पुलिस ने कई टीमें बनाईं, तलाश तेज की गई
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी और सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही थी.
दो इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, पूछताछ जारी
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने दो फरार आरोपियों आकाश पांडे और अंकित पांडे को गिरफ्तार कर लिया. दोनों पर पहले से ही इनाम घोषित था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस हत्याकांड का पूरा सच सामने लाने के लिए सभी कड़ियां जोड़ने में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को थोड़ी राहत तो मिली है, लेकिन इलाके में अब भी तनाव का माहौल है. हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी हुई है.
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
