उत्तराखंड: दून से शुरू होंगी वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित उड़ानें, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित उड़ानें शुरू होंगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरपु ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र लिखकर इस बात की जानकारी दी है. नई उड़ानों से पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से देहरादून-वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था। केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से बताया कि वर्तमान में देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, शमशाबाद, जयपुर, लखनऊ, पुणे, कुल्लू के लिए इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 254 उड़ानें हर सप्ताह संचालित होती हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रण मुक्त कर दिया गया है। इसके तहत, एयरलाइन अपने बेड़े में किसी भी प्रकार के विमान को शामिल करने और वाणिज्यिक आधार पर संचालन के लिए मार्ग चुनने के लिए स्वतंत्र है।
किसी भी हवाई अड्डे के लिए या वहां से हवाई सेवाएं शुरू करने या विस्तारित करने का निर्णय संबंधित एयरलाइन ऑपरेटरों पर निर्भर करता है। उन्होंने बताया है कि देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा का अनुरोध सभी घरेलू हवाई लाइनों के साथ साझा किया गया है।
