देहरादून: हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार अपराधियों से मुठभेड़, एक घायल, दूसरा गिरफ्तार – देहरादून पुलिस की चेकिंग के दौरान अपराधियों से मुठभेड़, एक घायल दूसरा गिरफ्तार
देहरादून के बसंत बिहार थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के मुताबिक 26 अप्रैल 2026 को बसंत बिहार थाना पुलिस हरबंसवाला बैरियर पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की स्कूटर पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन दोनों युवक बैरियर तोड़कर टी-स्टेट की ओर भाग गए।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया. इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई. घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया.
घायल आरोपी की पहचान अब्दुल्ला (37) निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी शाहनवाज सलमानी (33) वर्तमान में देहरादून के सहसपुर इलाके में रह रहा था. तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक अवैध 315 बोर पिस्तौल, एक चला हुआ कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त नीला स्कूटर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है.
