अपमान की आग में जले हिमांशु…खुद को लगाई आग, मौत के बाद गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

बागपत समाचार: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गंगधाड़ी गांव में एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद तनाव का माहौल है. कथित थप्पड़ मारने और जातिगत दुर्व्यवहार से आहत 22 वर्षीय हिमांशु ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. गंभीर रूप से झुलसे हिमांशु को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
गाड़ी में फूल लादने को लेकर विवाद हो गया
जानकारी के मुताबिक, 17 अप्रैल को गाड़ी में फूल लादने को लेकर गांव के ही हिमांशु और टिंकू उर्फ गौरव राजपूत के बीच विवाद हो गया था. आरोप है कि हिमांशु ने फूल ले जाने से इनकार कर दिया, जिससे नाराज होकर गौरव ने उसे जातिसूचक शब्द कहे और थप्पड़ भी मार दिया. इस घटना से हिमांशु को गहरा आघात लगा।
रात में खुद को लगाई आग, घटना सीसीटीवी में कैद
बताया जा रहा है कि उसी रात करीब 9 बजे हिमांशु गौरव के घर के पास पहुंचा और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. वह बुरी तरह झुलस गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह रात करीब 9:30 बजे खुद को आग लगाते हुए देखा जा सकता है।
शव पहुंचते ही गांव में बढ़ा तनाव, परिजनों की मांग
मंगलवार को इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई। बुधवार को शव गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया. परिवार ने अंतिम संस्कार से पहले मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग की. पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश दी, जिसके बाद परिवार अंतिम संस्कार करने को राजी हुआ.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ जारी
घटना के अगले दिन 18 अप्रैल को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी टिंकू को गिरफ्तार कर लिया और उसका चालान कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
