अमेठी में सड़क हादसा, गाय से टकराकर युवक घायल, पत्रकार ने दिखाई मानवता

उत्तर प्रदेश के अमेठी में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे ने सबका ध्यान खींचा। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के खेरौना मोड़ के पास अचानक सामने आई गाय से टकराकर बुलेट सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। इसी बीच मौके से गुजर रहे एक पत्रकार ने तुरंत मदद की और इंसानियत की मिसाल पेश की. घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे की है. खेरौना मोड़ के पास बुलेट बाइक सवार युवक अचानक सामने आई गाय से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाय सड़क पर गिर गई और कुछ देर तक बेहोश रही, जबकि युवक दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान एवं स्थिति
घायल युवक की पहचान परसोली गांव निवासी राम कुमार के 23 वर्षीय पुत्र अमन के रूप में की गई है. अमन अमेठी कोतवाली मोड़ के पास डोसा और चाउमिन की दुकान चलाता है। हादसे के वक्त वह दुकान से कुछ सामान घर पहुंचाने जा रहा था।
पत्रकार ने दिखाई तत्परता और मानवता
हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे अरुण कुमार गुप्ता ने बिना समय बर्बाद किए घायल युवक की मदद की. उन्होंने अमन को अपनी बाइक पर उठाया और तुरंत अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। लोगों ने उनकी तत्परता की सराहना की.
डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
सीएचसी के डॉक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि युवक को गंभीर हालत में लाया गया था। उसके मुंह और हाथ पर चोटें आईं। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद अब उनकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर हैं।
परिवार ने जताया आभार
अमन के पिता रामकुमार ने बताया कि उनका बेटा तीन भाइयों में सबसे छोटा है और उनके साथ दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उन्होंने अपने बेटे की मदद करने वाले पत्रकार का दिल से आभार व्यक्त किया।
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
