Breaking News
महिला आरक्षण पर लखनऊ में बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन… सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- महिला विरोधी हैं सपा-कांग्रेस

भाजपा महिला आरक्षण रैली: महिला आरक्षण बिल को लेकर बीजेपी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सीएम आवास से विधानसभा तक पैदल मार्च और महिला जन आक्रोश रैली निकाली गई. इस रैली में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. भीषण गर्मी के बावजूद हजारों लोगों की मौजूदगी ने इसे एक बड़ा राजनीतिक आयोजन बना दिया. रैली के दौरान पूरे रूट पर नारे और पोस्टर के जरिए विरोध जताया गया.

कई बड़े नेता हुए शामिल, जमकर लगे नारे
इस पदयात्रा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए. इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा भी मौजूद रहे. रैली में सहयोगी दल के नेता आशीष पटेल और ओमप्रकाश राजभर भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे के साथ पदयात्रा की शुरुआत की. रैली में शामिल लोग सपा और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगा रहे थे।

सीएम योगी का विपक्ष पर हमला
रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह जन आक्रोश मार्च कांग्रेस और सपा के महिला विरोधी रवैये के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि देशभर की महिलाओं के मन में इन पार्टियों के खिलाफ गुस्सा है और इसकी एक झलक लखनऊ में देखने को मिली है. उन्होंने यह भी कहा कि इस रैली में बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया है, जो इस आंदोलन को और मजबूत बनाता है.

कांग्रेस और सपा पर लगाए गंभीर आरोप
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा का चेहरा अलोकतांत्रिक और महिला विरोधी है. उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिये गये अवसर का उचित उपयोग नहीं किया. उन्होंने कहा कि देशभर में इंडिया अलायंस के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है और यह रैली उसी का एक हिस्सा है.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ट्रैफिक डायवर्ट किया गया
रैली के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये थे. करीब 11 रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो. गर्मी को देखते हुए रैली रूट पर मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी. पुलिस पूरी तरह से तैयार रही और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *