उत्तराखंड: राज्य में वन भूमि आवंटन की जांच के लिए एसआईटी का गठन, सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल दिया था आदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद राज्य में वन भूमि आवंटन की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. यह एसआईटी सभी जिलों में जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में काम करेगी. मई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने पुणे में आरक्षित वन भूमि से जुड़े मामले में सभी राज्यों के लिए एक अहम आदेश दिया था.
उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में मुख्यमंत्री धामी की मंजूरी के बाद राज्य में राजस्व विभाग के तहत आरक्षित वन भूमि, जो गैर वानिकी प्रयोजनों के लिए अन्य निजी संस्थाओं को आवंटित की गई है, की जांच के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है।
ये भी पढ़ें…ऋषिकेश: होटल में चल रही थी अवैध कैसीनो और शराब पार्टी, पुलिस की छापेमारी, दस महिलाओं समेत 40 लोग गिरफ्तार
पिछले साल मई में दिया गया था ऑर्डर
सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों को यह पता लगाने के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया था कि क्या कोई आरक्षित वन भूमि गैर-वानिकी उद्देश्यों के लिए निजी क्षेत्र को आवंटित की गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऐसी भूमि पर कब्ज़ा वापस लेने और इसे वन विभाग को सौंपने का भी निर्देश दिया गया।
पीठ ने कहा था कि यदि यह पाया जाता है कि जमीन पर कब्जा वापस लेना व्यापक जनहित में नहीं होगा, तो सरकारों को उक्त जमीन की कीमत उन व्यक्तियों और संस्थानों से वसूल करनी चाहिए, जिन्हें वह जमीन आवंटित की गई है। वसूली से प्राप्त राशि का उपयोग वनों के विकास में किया जाना चाहिए। एसआईटी के गठन के लिए एक साल का समय दिया गया था.
